हरदोई PM मोदी की ‘गोल्ड अपील’ पर बीजेपी विधायक श्यामप्रकाश का तंज...


हरदोई के गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश अपने बयान को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक साल तक नया सोना और ज्वेलरी न खरीदने की अपील किए जाने के बाद भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने सोशल मीडिया पर ऐसा तंज कसा, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी।




दरअसल, पीएम मोदी ने देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए लोगों से अगले एक साल तक नया गोल्ड न खरीदने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक आर्थिक दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में सोने के आयात पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा को बचाना “देशहित” में होगा। प्रधानमंत्री ने लोगों से पुराने गहनों का इस्तेमाल करने और गोल्ड मोनेटाइजेशन स्कीम को अपनाने की सलाह भी दी थी।


लेकिन पीएम की इस अपील पर भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने अपनी फेसबुक वॉल पर एक ऐसी पोस्ट डाल दी, जिसने पार्टी के भीतर ही असहजता पैदा कर दी। विधायक ने लिखा—“मोदी जी के आह्वान पर मैं इलेक्ट्रिक वाहन लेने पर भी विचार कर रहा हूँ, किन्तु कोई भक्त यह भी बता दे कि बिना मंगलसूत्र और सोने के गहने लिए क्या कोई हिन्दू विवाह हो जाएगा? मेरे बेटे की शादी दिसंबर में है, कहीं बिना सोने के ज़ेवर के बारात वापस न कर दी जाए… या फिर एक साल तक विवाह ही रोक दिए जाएं?”


पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट वायरल हो गया। लोगों ने इसे प्रधानमंत्री की अपील पर सीधा व्यंग्य बताया। हालांकि विवाद बढ़ता देख विधायक ने कुछ ही मिनटों बाद पोस्ट डिलीट कर दी, लेकिन तब तक उसका स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो चुका था।


भाजपा विधायक श्याम प्रकाश पहले भी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। कभी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कविता लिखकर तो कभी अपनी ही सरकार के स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर वह चर्चा में रहे हैं। अब पीएम मोदी की अपील पर उनका यह तंज पार्टी के भीतर नई बहस को जन्म देता नजर आ रहा है।


राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा के भीतर से इस तरह की सार्वजनिक प्रतिक्रिया पार्टी नेतृत्व के लिए असहज स्थिति पैदा कर सकती है। वहीं सोशल मीडिया पर लोग विधायक के बयान को लेकर दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं—एक पक्ष इसे “जमीन से जुड़ा सवाल” बता रहा है, तो दूसरा इसे प्रधानमंत्री की अपील का मजाक उड़ाना मान रहा है।

Featured Post

हरदोई PM मोदी की ‘गोल्ड अपील’ पर बीजेपी विधायक श्यामप्रकाश का तंज...

हरदोई के गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश अपने बयान को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक स...