दिल्ली
दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस नेत्री नाजिया दानिश ने रानी बाग इलाके में चलती बस में महिला के साथ हुई कथित गैंगरेप की घटना पर जोरदार आवाज उठाई है। उन्होंने इस घटना को राजधानी की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि दिल्ली में महिलाएं अब खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।
नाजिया दानिश ने कहा कि फैक्ट्री से काम कर घर लौट रही महिला के साथ जिस तरह की दरिंदगी हुई है, उसने पूरे समाज को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और सरकार महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।
उन्होंने मांग की कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके। साथ ही उन्होंने दिल्ली की सड़कों, सार्वजनिक परिवहन और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कांग्रेस नेत्री नाजिया दानिश ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाओं पर कठोर कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई बेटी इस तरह की दरिंदगी का शिकार न बने।
