दोबारा फायरिंग कर युवक की हत्या की कोशिश, तीन आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और कारतूस बरामद

 

नई दिल्ली, 

12 जुलाई। 

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में एक ही युवक पर दो बार फायरिंग कर हत्या की कोशिश करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।



पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को रवि प्रकाश नामक युवक पर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद न्यू उस्मानपुर थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद 11 जुलाई को उसी युवक पर दोबारा फायरिंग की गई, जिसमें उसके घुटने के नीचे पैर में मामूली चोट लगी। इस घटना के बाद एक और मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने पवन (24), शेखर उर्फ अपराधी (22) और कृष्णा उर्फ किस्सू (23) को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपियों ने दोनों फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि हाल ही में हुए विवाद के कारण उनकी पीड़ित से पुरानी रंजिश हो गई थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने उसके घर के बाहर दो बार फायरिंग कर उसे सबक सिखाने की साजिश रची।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और आरोपियों की अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है

Featured Post

दोबारा फायरिंग कर युवक की हत्या की कोशिश, तीन आरोपी गिरफ्तार; पिस्टल और कारतूस बरामद

  नई दिल्ली,  12 जुलाई।  उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में एक ही युवक पर दो बार फायरिंग कर हत्या की कोशिश करने के म...