*सांसद पप्पू यादव के रोजगार मेले में नौकरी पाकर खिले युवाओं के चेहरे, कहा- हर रोजगार से खुशहाल होगा एक परिवार*

रोजगार मेले के दूसरे दिन 6,463 युवाओं को मिला ऑफर लेटर, 300 से अधिक लड़कियों को मिला वर्क फ्रॉम होम का अवसर*


पूर्णिया। 




पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की ओर से 30 और 31 अगस्त को आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेला-2026 कोसी-सीमांचल के युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर लेकर आया। पूर्णिया के साथ कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और अररिया से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मेले में पहुंचे। रोजगार पाने के बाद युवाओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया। मेले के पहले दिन 7,878 युवाओं का चयन हुआ, जबकि दूसरे और अंतिम दिन 6,463 युवाओं को रोजगार के लिए चयनित किया गया। दूसरे दिन करीब नौ हजार से अधिक युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। मेले की खास उपलब्धियों में 300 से अधिक बेटियों को वर्क फ्रॉम होम के माध्यम से रोजगार का अवसर मिलना रहा। आकर्षक वेतन पर घर से काम करने का मौका मिलने के बाद बेटियों में खासा उत्साह देखा गया। चयनित युवतियों ने सांसद पप्पू यादव के प्रति आभार जताया और कहा कि इस अवसर से उनके रोजगार और आत्मनिर्भरता के सपने को नई दिशा मिली है।



सांसद पप्पू यादव ने रोजगार मेले को युवाओं को समर्पित बताते हुए कहा कि हर एक रोजगार से एक परिवार खुशहाल होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को 18 हजार रुपये से लेकर चार लाख रुपये तक के पैकेज पर रोजगार के लिए चयनित किया गया है। यह उनके लिए बेहद संतोष और सुकून की बात है। उन्होंने कहा कि रोजगार केवल एक व्यक्ति की आय का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। सांसद ने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को नौकरी के लिए भटकना न पड़े और उन्हें अपने क्षेत्र के करीब ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। मेले में गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले युवाओं के साथ ऐसे युवाओं को भी कंपनियों में नौकरी के लिए चुना गया, जिन्हें अब तक रोजगार का पर्याप्त अवसर नहीं मिला था। 17 से 20 हजार रुपये के वेतनमान पर नौकरी मिलने के बाद इन युवाओं में आत्मविश्वास की नई चमक देखने को मिली।



बेटियों के रोजगार और आर्थिक आजादी पर जोर


रोजगार मेले में महिलाओं और बेटियों की भागीदारी को लेकर भी सांसद पप्पू यादव ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज पूर्णिया की बेटियों के चेहरे पर नौकरी मिलने के बाद जो खुशी देखने को मिली, उससे उन्हें आगे और काम करने की प्रेरणा मिली है। सांसद ने कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं, लेकिन उचित अवसर नहीं मिलने के कारण कई बार उनकी प्रतिभा और सपने पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बेटियों के सपनों को साकार करने में वे हरसंभव सहयोग करेंगे। सांसद ने आने वाले दिनों में पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र की बेटियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग से जोड़ने की योजना का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि बदलते समय में रोजगार के स्वरूप में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में युवाओं और बेटियों को मांग आधारित आधुनिक कौशल से लैस करना जरूरी है, ताकि वे देश और दुनिया में रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकें।


जाति-धर्म से ऊपर उठकर युवाओं ने लिया हिस्सा


पप्पू यादव ने कहा कि इस रोजगार मेले की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें युवाओं ने जाति, धर्म, आरक्षण और नफरत की राजनीति से ऊपर उठकर हिस्सा लिया। सभी का उद्देश्य रोजगार हासिल कर अपने जीवन और परिवार को बेहतर बनाना था। उन्होंने कहा कि जब युवा रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेंगे, तभी समाज और क्षेत्र की वास्तविक प्रगति होगी। रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने हिस्सा लेकर युवाओं को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुसार अवसर उपलब्ध कराए।


पूर्णिया की जनता के लिए संकल्प


सांसद पप्पू यादव ने कहा कि ‘प्रणाम पूर्णिया, सलाम पूर्णिया और जोहार पूर्णिया’ के संकल्प के साथ वे पूर्णिया की जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं। उनका लक्ष्य केवल चुनाव के समय जनता से वादा करना नहीं, बल्कि किए गए हर वादे को एक-एक कर जमीन पर उतारना है। रोजगार, स्वरोजगार, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के कौशल विकास को वे अपने जनसेवा के प्रमुख क्षेत्रों में शामिल करते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्णिया के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा। जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता देने, स्वरोजगार के साधन उपलब्ध कराने और युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़ने के साथ-साथ आने वाले समय में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में काम किया जाएगा। उनका कहना था कि पूर्णिया की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस विश्वास को पूरा करना उनका संकल्प है।



‘आपका भाई आपके सपनों के साथ’


सांसद ने बेटियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को छोटा न समझें। आर्थिक कमजोरी या संसाधनों की कमी किसी प्रतिभाशाली युवा की राह में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘आपका भाई आपके सपनों को साकार करने में आपके सहचर की भूमिका निभाएगा।’ रोजगार मेले में नौकरी पाने वाले युवाओं से उन्होंने पूरी मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ काम करने की अपील की।


रोजगार मेले में कंपनियों की ओर से अलग-अलग योग्यता और क्षेत्र के अनुसार युवाओं का चयन किया गया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने प्रक्रिया में हिस्सा लिया और चयन के बाद उन्हें रोजगार का अवसर मिला। दूसरे दिन 300 से अधिक बेटियों को वर्क फ्रॉम होम की नौकरी मिलने से यह आयोजन महिला रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रहा। घर से काम करने की सुविधा मिलने से उन युवतियों के लिए रोजगार का रास्ता खुला, जिनके सामने घर से बाहर जाकर नौकरी करने को लेकर विभिन्न सामाजिक और पारिवारिक चुनौतियां थीं।


युवाओं के चेहरे पर दिखी सफलता की खुशी


मेले में नौकरी पाने वाले युवाओं ने कहा कि लंबे समय से वे रोजगार की तलाश में थे। कई अभ्यर्थियों के लिए यह पहला ऐसा अवसर था, जहां एक ही स्थान पर अलग-अलग कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलने और अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का मौका मिला। चयन के बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ने से युवाओं में उत्साह नजर आया। गरीब और सीमित संसाधनों वाले परिवारों के युवाओं के लिए यह अवसर विशेष रूप से महत्वपूर्ण रहा।


सांसद पप्पू यादव ने कहा कि रोजगार मेले की सफलता उन्हें आगे और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं के चेहरों पर नौकरी मिलने के बाद दिखाई देने वाली खुशी ही इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। आने वाले समय में रोजगार के ऐसे अवसरों का दायरा और बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा आत्मनिर्भर बन सकें और उनके परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हों। उन्होंने कहा कि पूर्णिया के युवाओं को रोजगार से जोड़ना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके संकल्प का हिस्सा है और यह प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Featured Post

*सांसद पप्पू यादव के रोजगार मेले में नौकरी पाकर खिले युवाओं के चेहरे, कहा- हर रोजगार से खुशहाल होगा एक परिवार*

रोजगार मेले के दूसरे दिन 6,463 युवाओं को मिला ऑफर लेटर, 300 से अधिक लड़कियों को मिला वर्क फ्रॉम होम का अवसर* पूर्णिया।  पूर्णिया के सांसद रा...