इरफान खान के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया

इरफान खान के निधन पर पीएम मोदी ने दुख जताया, बोले- सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए बड़ा नुकसान


29/04/2020  मो रिजवान 



फिल्म अभिनेता इरफान खान का 53 साल की उम्र में निधन हो गया। बॉलीवुड एक्टर इरफान खान के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि इरफान खान का निधन सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए एक क्षति है। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके इरफान की तबीयत अचानक खराब हो गई थी, जिसके बाद मंगलवार को उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इरफान कैंसर से पीड़ित थे और कुछ महीने पहले ही लंबे समय तक विदेश में इलाज कराके लौटे थे। आखिरी बार वह फिल्म 'अंग्रेजी मीडियम' में नजर आए थे।



पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, 'इरफान खान का निधन सिनेमा और रंगमंच की दुनिया के लिए एक क्षति है। उन्हें विभिन्न माध्यमों में उनके बहुमुखी प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा। मेरे विचार उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।'


Irrfan Khan’s demise is a loss to the world of cinema and theatre. He will be remembered for his versatile performances across different mediums. My thoughts are with his family, friends and admirers. May his soul rest in peace.


— Narendra Modi (@narendramodi) April 29, 2020


इसके अलावा, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'हमारे समय के सबसे असाधारण अभिनेताओं में से एक, इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर हैरान हूं। उनके काम को हमेशा याद रखा जाएगा और उनकी आत्मा को शांति मिले।'


वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट किया, 'मुझे हमारे देश के सबसे बहुमुखी अभिनेता इरफान खान के निधन के बारे में सुनकर हैरानी हुई। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों को मेरी हार्दिक संवेदना। ईश्वर उन्हें शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।'


इसके अलावा, इरफान खान के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि इरफान खान अभिनय शब्द की असली परिभाषा देनेे वाले अभिनेता थे ।चौहान ने इरफान खान के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, 'मृत्यु सत्य है और शरीर नश्वर, यह सत्य जानते हुए भी हर व्यक्ति के असमय निधन पर अत्यंत दु:ख होता है। अभिनय शब्द की असली परिभाषा देने वाले अभिनेता इरफान खान के निधन पर भावभीनी श्रद्घांजलि! अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से आप सदैव हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे। विनम्र श्रद्घांजलि!'


वहीं, प्रियंका गांधी ने लिखा, 'इरफान खान की बेमिसाल अदाकारी जैसी दूसरी मिसाल मिलनी मुश्किल है। उनके अभिनय ने भाषाओं, राष्ट्रों और मज़हबों की सीमाओं को तोड़ते हुए अदाकारी का एक ऐसा लहजा बनाया, जिसने कला और संवेदना के जरिए पूरी मानवता को एकजुट किया। आपका अभिनय हमारी थाती है। हम इसे सहेजकर रखेंगे।'


इरफान खान का करियर
7 जनवरी 1967 को जन्मे इरफान खान बालीवुड की 30 से अधिक फिल्मों मे अभिनय कर चुके हैं। इरफान हॉलीवुड मे भी एक जाना पहचाना नाम हैं। वह ए माइटी हार्ट, स्लमडॉग मिलियनेयर और द अमेजिंग स्पाइडर मैन फिल्मों मे भी काम कर चुके हैं। उन्हें 2011 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।


Featured Post

भ्रष्ट लेखपाल का पर्दाफाश! एफ.आई.आर के हुए आदेश।

भ्रष्टाचार में लिफ्ट लेखपाल का हो गया पर्दाफाश डीएम के आदेश पर लेखपाल पर मामला दर्ज थाने को दिए गए आदेश कानूनी कार्यवाही कर गिरफ्तार करें ले...