ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉइज फेडरेशन (AINPSEF) द्वारा कोलकाता के काशीपुर ऑर्डिनेंस फैक्ट्री क्षेत्र में एक विशाल कर्मचारी सम्मेलन एवं कन्वेंशन का सफल आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 500 कर्मचारियों ने भाग लेकर पुरानी पेंशन बहाली, 8वें वेतन आयोग तथा कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।
सम्मेलन में ऑल इंडिया NPS एम्प्लॉइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने पुरानी पेंशन बहाली को लेकर फेडरेशन की राष्ट्रीय रणनीति, OPS बहाली मॉडल, NPS/UPS से जुड़े वर्तमान परिदृश्य तथा 8वें वेतन आयोग में फेडरेशन द्वारा उठाई जाने वाली महत्वपूर्ण मांगों पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करें ताकि कर्मचारियों की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाई जा सके।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष एवं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्री विनोद यादव विशेष रूप से दिल्ली से कोलकाता पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में संगठन की कार्यप्रणाली, राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे कर्मचारी आंदोलनों तथा विभिन्न विभागों में कर्मचारियों को एकजुट करने के प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन कर्मचारियों के हितों की सच्ची और निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है तथा अपने उद्देश्य को प्राप्त करने तक पीछे नहीं हटेगा।
कार्यक्रम में फेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री नीरज कुमार त्रिपाठी भी जबलपुर से विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने अपने वक्तव्य में कर्मचारियों से संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाले समय में मजबूत संगठन ही कर्मचारियों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय टीम के जॉइंट सेक्रेटरी एवं पश्चिम बंगाल प्रदेश प्रभारी श्री अभिषेक विश्वास द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री उत्तम दास एवं श्री अरूप पाल जी का विशेष सहयोग रहा।
सम्मेलन के दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, कर्मचारी एकता तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर जोरदार समर्थन व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम में कर्मचारियों के बीच उत्साह, जागरूकता और संगठनात्मक एकजुटता स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

